डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
गौराकन्हारी के आश्रम में 63 बच्चों को मिले जूते-मोजे और पानी की बोतलें, बच्चों से सुनी कविताएं और पहाड़े
डिंडौरी। समनापुर विकासखंड के आदिवासी बाहुल्य ग्राम गौराकन्हारी स्थित राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह वृहद बालक आश्रम में शनिवार को ‘सोल फॉर सोल’ नवाचार के तहत बच्चों को जूते-मोजे और पानी की बोतलें वितरित की गईं। इस दौरान आश्रम के 63 बच्चों को उनकी नाप के अनुसार जूते और मोजे दिए गए। नई सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने बच्चों को पहनाए जूते
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने बच्चों को अपने हाथों से जूते पहनाए। अधिकारियों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनसे पढ़ाई के संबंध में बातचीत की। कलेक्टर ने बच्चों से कविताएं और पहाड़े भी सुने। बच्चों ने उत्साह के साथ कविताएं और पहाड़े सुनाए, जिस पर उन्हें प्रोत्साहित करते हुए चॉकलेट दी गई।
अधिकारियों के सहयोग से जुटाए गए जूते-मोजे
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि ‘सोल फॉर सोल’ पहल के तहत जिले के अधिकारियों के सहयोग और डोनेशन से बच्चों के लिए उनकी नाप के जूते-मोजे उपलब्ध कराए गए हैं। आश्रम के बच्चे नियमित रूप से बाहर खेलते हैं। ऐसे में जूते उनके पैरों को चोट और कीड़े-मकोड़ों से बचाने के साथ स्वच्छता एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से भी उपयोगी साबित होंगे।
जरूरत की सामग्री मिली तो खिल उठे चेहरे
जूते-मोजे और पानी की बोतलें मिलने के बाद बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों ने इस पहल के लिए अधिकारियों के प्रति खुशी जाहिर की। ‘सोल फॉर सोल’ पहल के माध्यम से बच्चों तक जरूरत की सामग्री पहुंचाने के साथ उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

