इंदौर। 11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच की टिकटों की मारामारी के बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने फर्जी टिकट ऑफर को लेकर अलर्ट जारी किया है।

पुलिस के मुताबिक ठग फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर “सस्ते में टिकट”, “VIP टिकट अवेलेबल”, “एक्स्ट्रा टिकट है” जैसे मैसेज डालकर लोगों को फंसा रहे हैं।

कैसे करते हैं ठगी?
ठग पहले टिकट का फोटो, स्क्रीनशॉट और फर्जी बुकिंग रसीद भेजकर भरोसा जीतते हैं। फिर UPI नंबर या QR कोड पर 20-25% एडवांस या पूरी रकम मांगते हैं। पेमेंट के बाद QR कोड, ई-टिकट या डिलीवरी के नाम पर और पैसे ऐंठते हैं। कई बार भेजा गया लिंक फिशिंग वेबसाइट का होता है, जिस पर क्लिक करते ही बैंक डिटेल लीक हो जाती है।

बचाव कैसे करें?
– अनजान व्यक्ति से सोशल मीडिया पर टिकट न खरीदें।
– सस्ते टिकट के लालच में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
– किसी को भी OTP, UPI PIN, CVV, बैंक डिटेल या स्क्रीन शेयरिंग की परमिशन न दें।
– टिकट सिर्फ अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही खरीदें।

फ्रॉड होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज कराएं।

 

रिपोर्ट मनोज कुमार शर्मा इंदौर

Leave A Reply

Exit mobile version