सतना मध्य प्रदेश
सतना 27 नवम्बर 2026/सतना नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और आयुक्त नगर निगम डॉ. नागार्जुन बी गौडा के साथ सतना नगरीय क्षेत्र तथा माधवगढ में विकास और निर्माण योजनाओं के लिए विभागों द्वारा चिन्हांकित शासकीय भूमि का मौका निरीक्षण किया। इस दौरान अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, तहसीलदार सौरभ मिश्रा तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने सबसे पहले माधवगढ में शासकीय पद्मधर सिंह उच्चतर माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने बताया कि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पंजीकृत छात्र संख्या 431 है और यहां सभी 24 शैक्षणिक पद भरे हुए है। विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष और प्रयोगशाला के निर्माण के लिए राज्य शासन से 144 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। विद्यालय के जीर्ण-शीर्ण और पुराने भवन को डिसमेन्टल कर कार्यकारी एजेंसी पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा निर्माण कार्य किया जाना है। जीर्ण-शीर्ण भवन को निष्प्रयोज्य घोषित कर दिया गया है।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कार्यकारी एजेंसी को अतिशीघ्र जीर्ण-शीर्ण भवन डिसमेन्टल कराकर नवीन निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिये। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय का माध्यमिक खण्ड कक्षा 6 से 8 तक सडक के उस पार के भवनों में संचालित है। दोनों विद्यालयों का डाइसकोड एक कर देने से समन्वय के साथ दोनों स्कूल भवनों का उपयोग किया जा सकता है। कलेक्टर ने प्रस्ताव का परीक्षण कर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने माधवगढ किले के पास पर्यटन विभाग द्वारा विकास कार्यो के लिए वांछित प्रस्तावित भूमि का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने आयुक्त नगर निगम और राजस्व अधिकारियों के साथ सिजहटा में पावर हाउस के समीप खसरा नम्बर 296 और 81 में प्रस्तावित बनने वाले 50 सीटर आदिवासी बालक छात्रावास के लिए भूमि का मौका मुआयना कर चिन्हांकित किया। भवन का निर्माण पीआईयू द्वारा किया जायेगा। कलेक्टर और आयुक्त नगर निगम ने जय स्तम्भ चौक के पास स्थित कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग के कार्यालय और परिसर का मौके पर निरीक्षण किया तथा कार्यालय के नवीन निर्माण के संबंध में संभावनायें जांची।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो







