पहले चरण में 15,047 वाहनों में लगाए जा चुके हैं QR कोड, स्कैन करते ही मिलेगी वाहन मालिक और चालक की जानकारी।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में रायपुर शहर में ऑटो एवं ई-रिक्शा में QR कोड लगाने का द्वितीय चरण शुरू किया गया है। प्रथम चरण में 15,047 ऑटो एवं ई-रिक्शा में QR कोड लगाए जा चुके हैं। अब शेष एवं नए पंजीकृत 2,241 वाहनों में QR कोड लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
27 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान का शुभारंभ डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने किया। इस दौरान एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक राम कुमार बर्मन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर उपस्थित रहे।
QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी चालक की जानकारी
ऑटो एवं ई-रिक्शा में लगाए जाने वाले QR कोड को स्कैन करने पर संबंधित वाहन, वाहन मालिक और चालक की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। इससे यात्रियों को सफर के दौरान वाहन एवं चालक की पहचान करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसी अप्रिय परिस्थिति में भी यह जानकारी उपयोगी साबित होगी।
सभी यातायात थाना क्षेत्रों में लगाए जाएंगे QR कोड
द्वितीय चरण के तहत रायपुर कमिश्नरेट के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में शेष एवं नए ऑटो-ई रिक्शा में QR कोड लगाए जाएंगे। इसके लिए यातायात पुलिस संबंधित चालकों को फोन के माध्यम से सूचना देगी। सूचना मिलने पर चालकों को अपने वाहन के साथ संबंधित यातायात थाने पहुंचना होगा, जहां पुलिसकर्मियों द्वारा QR कोड चस्पा किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे सूचना मिलने पर निर्धारित समय में यातायात थाने पहुंचकर QR कोड लगवाएं और इस अभियान में सहयोग करें।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







