माता-पिता, स्कूल प्रशासन और स्वयं बच्चों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए, हादसा होने पर सबसे पहले पुलिस पर ही क्यों उठती है उंगली?
सड़क पर स्कूली बच्चों की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसमें कुछ बच्चे साइकिल और स्कूटर से चलते हुए एक-दूसरे का हाथ पकड़कर सड़क पर खतरनाक स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों की यह हरकत न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है?
क्या हर बार यातायात नियमों के उल्लंघन और बच्चों की ऐसी हरकतों के लिए पुलिस प्रशासन को ही जिम्मेदार ठहराना उचित है?
क्या यातायात पुलिस का काम यह है कि वह स्कूल से निकलने वाले प्रत्येक बच्चे के पीछे-पीछे चले और उसे सुरक्षित घर तक छोड़कर आए? क्या सड़क पर हर बच्चे को रोककर यह समझाना पुलिस की ही जिम्मेदारी है कि बेटा, ऐसा मत करो?
माता-पिता की जिम्मेदारी: क्या अभिभावकों को अपने बच्चों की उम्र, समझ और जिम्मेदारी का ध्यान रखते हुए उन्हें वाहन देना चाहिए? क्या उन्हें यह देखना नहीं चाहिए कि उनके बच्चे स्कूल आने-जाने के दौरान सड़क पर किस तरह व्यवहार कर रहे हैं?
स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी: क्या स्कूलों में बच्चों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और अनुशासन का नियमित ज्ञान नहीं दिया जाना चाहिए? क्या स्कूल की जिम्मेदारी केवल बच्चों को शिक्षा देना है या उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है?
बच्चों की अपनी जिम्मेदारी: क्या स्वयं को समझदार और बड़ा मानने वाले बच्चों को अपनी सुरक्षा और दूसरों की जान की कीमत नहीं समझनी चाहिए? रोमांच और दोस्तों के सामने दिखावे के लिए इस तरह की हरकतें करना आखिर कितनी समझदारी है?
पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी: यातायात नियमों का पालन कराना, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। लेकिन क्या हर बच्चे की व्यक्तिगत गतिविधि पर चौबीसों घंटे निगरानी रखना भी पुलिस का ही काम है?
भगवान न करे, इस तरह की लापरवाही के कारण कोई गंभीर हादसा हो जाए और किसी की जान चली जाए। तब सबसे पहले सवाल पुलिस प्रशासन पर उठेंगे। लेकिन क्या उस समय माता-पिता, स्कूल प्रशासन और स्वयं बच्चों की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठेंगे?
सवाल किसी एक को दोषी ठहराने का नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी समझने का है। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, हम सभी की जिम्मेदारी है।
अब फैसला आपको करना है। क्या इस तरह की हरकतों के लिए सिर्फ पुलिस को जिम्मेदार ठहराना सही है? अपनी राय जरूर बताइए।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







