अनूपपुर। जिले के ग्राम पंचायत हर्री एवं बर्री सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रेत खदानों से जुड़े कुछ लोगों की कथित मनमानी और दबंगई को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना नंबर प्लेट एवं संदिग्ध निजी वाहनों से गांवों में घूमकर किसानों को डराने-धमकाने और गांव की शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले को लेकर ग्राम पंचायत हर्री के सरपंच एवं समस्त ग्रामवासियों तथा किसानों की ओर से पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं ग्राम पंचायत बर्री के सरपंच स्वामीदीन बैगा ने भी अलग से पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर ग्रामीणों के साथ कथित मारपीट एवं गाली-गलौज की घटना पर कार्रवाई की मांग की है।
निजी खेत की जुताई करने जा रहे किसान के साथ मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, ग्राम बर्री निवासी जय सिंह राठौर अपने निजी खेत में जुताई के लिए ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रेत खदान से जुड़े फ्लाइंग कर्मचारियों पर उनके साथ कथित तौर पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। बीच-बचाव करने पहुंचे तिलकधारी राठौर के साथ भी मारपीट किए जाने की बात आवेदन में उल्लेखित है। इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भय एवं आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियां केवल बर्री तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्राम हर्री में भी आए दिन किसानों और ग्रामीणों को परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। किसान दिन-रात मेहनत करके अपनी खेती करते हैं, लेकिन गांव में आने-जाने के दौरान उन्हें रोककर पूछताछ करने, डराने और धमकाने की घटनाएं चिंताजनक हैं।
बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध वाहनों की जांच की मांग
पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों के पास लगभग 8 से 10 वाहन हैं, जिनमें कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी है तथा कुछ वाहनों पर उत्तर प्रदेश राज्य की नंबर प्लेट होने की बात कही गई है। ग्रामीणों ने इन सभी वाहनों की जांच, काली फिल्म लगे वाहनों की पड़ताल तथा निजी वाहनों के कथित रूप से निगरानी एवं वाहन पकड़ने के लिए इस्तेमाल किए जाने की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि यदि किसी रेत कंपनी या खदान संचालक को अवैध रेत परिवहन रोकने अथवा वाहनों की जांच करने की अनुमति प्राप्त है, तो उसके आदेश एवं वैधानिक अधिकारों की जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए। अवैध रेत परिवहन की जांच के नाम पर किसी भी व्यक्ति को ग्रामीणों के साथ अभद्रता, मारपीट या कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं होना चाहिए।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
1. ग्राम बर्री में हुई कथित मारपीट की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
2. बिना नंबर प्लेट एवं संदिग्ध वाहनों की जांच कराई जाए।
3. ग्रामीणों और किसानों को दी जा रही कथित धमकियों की जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई हो।
4. रेत कंपनी या खदान संचालकों को वाहन पकड़ने अथवा जांच करने की अनुमति दिए जाने की स्थिति में उसकी वैधानिकता एवं आदेश सार्वजनिक किए जाएं।
5. अवैध रेत कारोबार की जांच केवल सक्षम प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में कराई जाए।
6. ग्राम हर्री एवं बर्री में ग्रामीणों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी सुनिश्चित की जाए।
किसानों का सवाल – क्या अब अपने खेत में जाना भी सुरक्षित नहीं?
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के किसान अपने खेतों में खेती-किसानी करने और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए स्वतंत्र रूप से आवागमन करते हैं। ऐसे में यदि उन्हें रास्ते में रोककर डराया-धमकाया जाएगा और मारपीट की घटनाएं होंगी, तो ग्रामीण क्षेत्रों में भय का वातावरण बनना स्वाभाविक है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस अधीक्षक अनूपपुर इस गंभीर शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं और ग्रामीणों को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
ग्रामीणों की एक ही मांग है – गांव में शांति, किसानों को सुरक्षा और कानून हाथ में लेने वालों पर निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
रिपोर्टर दिनेश केवट
अनुपपुर







