स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं से लेकर आम नागरिकों तक को आवागमन में करना पड़ रहा भारी परेशानियों का सामना, जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
कटनी
कटनी।बहोरीबंद क्षेत्र के कुआं से पड़वार मार्ग पर लगभग 300 मीटर सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण ग्रामीणों एवं राहगीरों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के चलते यह मार्ग आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। सड़क का निर्माण नहीं होने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर स्कूल आना-जाना पड़ता है।
बताया जाता है कि कुआं से पड़वार मार्ग का लगभग 300 मीटर हिस्सा आज भी कच्चा और बदहाल स्थिति में है। बारिश के दिनों में यह रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। वहीं दोपहिया वाहन चालकों को भी इस मार्ग से निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार रास्ते की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सबसे चिंताजनक स्थिति स्कूली बच्चों की है। छोटे-छोटे छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। कीचड़ और खराब रास्ते के कारण बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब क्षेत्र में सड़क निर्माण की आवश्यकता है, तब संबंधित विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आखिरकार लगभग 300 मीटर सड़क का निर्माण कब होगा और ग्रामीणों को इस समस्या से कब निजात मिलेगी, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

जिम्मेदारों से ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि कुआं से पड़वार मार्ग के शेष 300 मीटर हिस्से का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए ताकि स्कूली बच्चों, किसानो, दो पहिया वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को आवागमन में राहत मिल सके, अब देखना यह होगा की जिम्मेदार विभाग ग्रामीणों की इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर यह सड़क इसी तरह विभागीय उदासीनता की भेंट चढी़ रहेगी ।
✍️पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट







