जनस्वास्थ्य और पोषण सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता – सोहन ध्रुव | जनपद उपाध्यक्ष लेखराम साहू ने सेवाभाव को बताया समाज की असली ताकत
हरदी (गरियाबंद)। ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य, पोषण और जनजागरूकता की अलख जगाने वाली मितानिन दीदियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत हरदी में मितानिन दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

इस अवसर पर गांव की मितानिन दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का स्मृति चिन्ह और साल-श्रीफल के साथ साड़ी भेंटकर आत्मीय सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। सम्मान पाकर महिला कार्यकर्ताओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलकता रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत गरियाबंद के अध्यक्ष श्री सोहन ध्रुव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मितानिन दीदियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर माताओं, बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं और योजनाओं से जोड़ने का सराहनीय कार्य करती हैं। उनका निस्वार्थ सेवाभाव, मेहनत और समर्पण समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनपद पंचायत गरियाबंद के उपाध्यक्ष श्री लेखराम साहू ने कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इनकी भूमिका बेहद अहम है। विपरीत परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद ये महिलाएं पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं। वास्तव में इनका सम्मान करना समाज की उस शक्ति का सम्मान है, जो गांव की बुनियादी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती प्रदान करती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मितानिन दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के योगदान को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सेवा कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
सेवा को सम्मान, समर्पण को पहचान
मितानिन दिवस का यह आयोजन केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण समाज के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी संभालने वाली उन महिलाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी बना, जो अपने अथक प्रयासों से स्वस्थ, जागरूक और सशक्त गांव की नींव मजबूत कर रही हैं।
रिपोर्ट नेहरू साहू ब्यूरो चीफ गरियाबंद








