सतना मध्य प्रदेश
सतना 16 नवम्बर 2026/भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धवारी में मतदाता जागरूकता संबंधी जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन अपराह्न 2 बजे से 3 बजे तक किया गया, जिसमें विधानसभा स्तर से चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक जिला महिला एवं बाल विकास श्याम किशोर द्विवेदी की उपस्थिति में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में कुल 39 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नागौद में जनजाति गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई
सतना 16 नवम्बर 2026/ विकासखंड नागौद में जनजाति गौरव दिवस एवं महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती उत्साह, श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में रमाशंकर एवं जितेंद्र सिंह, नवांकुर संस्था सेक्टर क्रमांक 2 की अध्यक्ष श्रीमती सीमा, सेक्टर क्रमांक 1 की अध्यक्ष श्रीमती कमला कपाड़िया, सुश्री सरोज गुर्जर, सुश्री समीक्षा सिंह, विवेक प्रताप सिंह एवं सुश्री निकिता पांडे उपस्थित रहीं। इस अवसर पर बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय, उनके अदम्य साहस, संघर्ष, सामाजिक चेतना एवं देश की स्वतंत्रता तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए दिए गए उनके ऐतिहासिक योगदान पर विद्यार्थियों द्वारा प्रेरणादायी प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही जनजाति गौरव दिवस के ऐतिहासिक महत्व, जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं समाज के विकास में जनजातीय महापुरुषों के योगदान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने तथा जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, परामर्शदाताओं एवं विद्यार्थियों ने जनजातीय गौरव और सामाजिक समरसता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सीएमसीएलडीपी सोहावल में मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा जयंती
जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के अंतर्गत सोहावल विकासखंड की कक्षाओं में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यकर उपायुक्त श्री नवीन सिंह धुर्वे रहे। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने जनजातीय गौरव, एकता और अधिकारों से जुड़े नारे लगाकर जागरूकता का संदेश दिया।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो







