सतना मध्य प्रदेश
प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को लगेंगे स्टॉल, रियायती दरों पर मिलेंगे घरेलू उत्पाद
सतना 16 नवम्बर 2026/कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के ग्राउंड फ्लोर में स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा समूहों की आजीविका को प्रोत्साहित करना है। विक्रय केंद्र के शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, आयुक्त नगर निगम डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विक्रय केंद्र में प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं मंगलवार को किशोरी आजीविका स्व-सहायता समूह बरा और भोले आजीविका स्व-सहायता समूह परसमनिया द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से समूहों द्वारा तैयार विभिन्न गुणवत्तापूर्ण घरेलू उत्पाद रियायती दरों पर ग्राहकों के लिए खरीदने की सुविधा उपलब्ध होगी। स्टॉलों पर आंवले की बर्फी, आंवले की कैंडी, आम-आंवला, नींबू, कटहल, कच्ची हल्दी, करेला, हरी एवं लाल मिर्च सहित सभी प्रकार के अचार, महुआ के लड्डू, महुआ का चूरमा तथा अन्य घरेलू उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।

जनजातीय गौरव दिवस पर महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
सतना 16 नवम्बर 2026/भगवान भगवान बिरसा मुंडा 151वीं की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शहीद पद्मधर सिंह शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सतना में विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उच्च शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के गौरवशाली योगदान, जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं तथा स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों की भूमिका से विद्यार्थियों को परिचित कराना और उनमें सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. गौहर हुजैफा खान, युवा उत्सव प्रभारी कविता परविंदा एवं जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. मनीष प्रताप सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो







