विजयपुर /बीजाडांडी/मंडला। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल विजयपुर, विकासखंड बीजाडांडी में चार दिवसीय गौरव दिवस समारोह का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत विजयपुर की सरपंच श्रीमती शांति मरावी, वरिष्ठ नागरिक भगत सिंह मरावी एवं विद्यार्थियों के पालकों की गरिमामय उपस्थिति में हुआ।
समारोह के प्रथम दिवस 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया गया।
विद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम रूपरेखा के अनुसार 16 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे से ड्राइंग एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 17 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे से प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिता होगी। वहीं 18 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे से प्रदर्शनी प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं संबोधन का आयोजन किया जाएगा।

चार दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, गौरवशाली इतिहास एवं सामाजिक योगदान से परिचित कराना है। कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती शांति मरावी, वरिष्ठ नागरिक भगत सिंह मरावी एवं उपस्थित पालकों ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को जनजातीय महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन शासकीय हाई स्कूल विजयपुर के प्राचार्य एवं विद्यालयीन स्टाफ के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
मंडला से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट







