सतना मध्य प्रदेश
सतना 29 अक्टूबर 2026/मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रदेश भर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का संचालन 8 जनवरी 2027 तक किया जा रहा है। सतना जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 30 अक्टूबर को जनपद पंचायत उचेहरा की ग्राम पंचायत परसमनिया के कार्यालय में आयोजित किया जायेगा।
जिला स्तरीय युवा उत्सव संपन्न, विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
सतना 29 अक्टूबर 2026/खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन गत दिवस शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय सतना के ऑडिटोरियम हॉल में किया गया। उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। युवा उत्सव के अंतर्गत समूहगान, समूह लोकगीत, पेंटिंग, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन एवं समापन अवसर पर अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम राहुल सिलाड़िया, पीएमश्री कॉलेज के प्राचार्य आर.एस. गुप्ता, गर्ल्स कॉलेज के प्राचार्य श्री अंजनी पाण्डेय सहित खेल विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो







