जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में डायन प्रताड़ना पर दिया व्याख्यान, वैश्विक स्तर पर ठोस पहल की जरूरत बताई।
रायपुर। प्रदेश के वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ एवं अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र ने जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में ‘डायन प्रताड़ना और मानवाधिकार’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि अंधविश्वास के कारण दुनिया के अनेक देशों में महिलाओं और बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में पीड़ितों की हत्या, अंगभंग, सार्वजनिक अपमान और सामाजिक बहिष्कार जैसी घटनाएं भी होती हैं।
डॉ. मिश्र ने कहा कि नेपाल, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और अफ्रीका के कई देशों में डायन, काला जादू तथा अन्य अंधविश्वासों के नाम पर मानवाधिकारों का उल्लंघन चिंताजनक है। अशिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और वैज्ञानिक जागरूकता के अभाव के कारण ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। अफ्रीका के कई देशों में एल्बिनिज्म से जुड़े अंधविश्वास के चलते बच्चों और वयस्कों को भी हिंसा का शिकार बनाया जाता है।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से अपील की कि अंधविश्वास के नाम पर प्रताड़ित महिलाओं और अन्य पीड़ितों की सुरक्षा एवं न्याय के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता, वैज्ञानिक सोच, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रभावी कानूनों के माध्यम से इस कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है।

यूरोप के इतिहास का भी किया अध्ययन।
डॉ. मिश्र का बेल्जियम के एंटवर्प में विज्ञान जागरूकता के लिए कार्यरत संस्था ‘बेल्जियम स्केप्टिक’ द्वारा व्याख्यान आयोजित किया गया। उन्होंने ब्रूग शहर स्थित विचक्राफ्ट म्यूजियम का अवलोकन कर डायन प्रताड़ना से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों और चित्रों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यूरोप में भी मध्यकाल के दौरान डायन प्रताड़ना की अनेक घटनाएं हुईं, लेकिन सामाजिक जागरूकता और प्रभावी कदमों से समय के साथ इनमें कमी आई।
जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में डॉ. मिश्र ने प्रतिनिधि मलूका एने, ह्यूमन राइट्स ऑफिसर आबु जेंग, एल्बिनो प्रताड़ना से जुड़े प्रतिनिधि मार्टिन सहित अन्य प्रतिनिधियों से चर्चा की। यूरोप प्रवास के दौरान उन्होंने नीदरलैंड, फ्रांस, जर्मनी, स्विट्जरलैंड और इटली के विभिन्न शहरों का भी भ्रमण किया।
डॉ. मिश्र ने कहा कि अंधविश्वास के नाम पर होने वाली प्रताड़ना वैश्विक मानवाधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। इसके उन्मूलन के लिए सरकारों, सामाजिक संगठनों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे, ताकि पीड़ितों को न्याय और सम्मान मिल सके।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








