अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले और डीसीपी दीपमाला कश्यप ने विद्यार्थियों से किया संवाद।
रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन द्वारा श्री बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेस में एंटी रैगिंग कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले एवं डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप ने विद्यार्थियों से संवाद कर रैगिंग के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।

डीसीपी दीपमाला कश्यप ने PPT के माध्यम से रैगिंग के विभिन्न स्वरूपों को समझाते हुए विद्यार्थियों को आपसी सम्मान, सहयोग और अनुशासन बनाए रखने तथा संस्थान को रैगिंग मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने रैगिंग से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी देते हुए ऐसी घटनाओं की सूचना संबंधित प्राधिकरण या पुलिस को देने की अपील की।
कार्यशाला में नशे के दुष्परिणामों, नशा मुक्ति, पिंक पेट्रोलिंग और महिला सुरक्षा पर भी जागरूक किया गया। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान एवं साइबर संकल्प के तहत ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल भुगतान में होने वाली ठगी से बचाव के तरीके बताए गए। साइबर अपराध की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








