स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा सेवाओं की कार्यप्रणाली से हुईं रूबरू, डॉक्टर बनने के मिले टिप्स
रायपुर। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविकताओं से परिचित कराना और उनके भविष्य की दिशा तय करने में मदद करना भी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए दानी गर्ल्स स्कूल की 200 छात्राओं ने आज उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं और अस्पताल की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। साथ ही, स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी देकर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा चिकित्सा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने अस्पताल में मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को करीब से समझा। इस अनुभव ने उन्हें पढ़ाई में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़ने का अवसर प्रदान किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. हितेश दीवान ने बताया कि दानी गर्ल्स स्कूल शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से छात्राओं को विभिन्न व्यवसायों की वास्तविक जानकारी मिलती है, जिससे वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य का लक्ष्य निर्धारित कर सकती हैं।
- मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने दिए डॉक्टर बनने के टिप्स :-
उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए और डॉक्टर बनने के लिए आवश्यक तैयारी के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि चिकित्सा का क्षेत्र केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन, धैर्य, मेहनत और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया,इस कार्यक्रम के दौरान एचआर दीपजय ने बच्चों को अस्पताल का भ्रमण कराया l
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







