नीमच
शारदीय नवरात्रि की पंचमी तिथि पर गांधी वाटिका स्थित डायमंड रोटरी डांडिया महोत्सव अपने पूरे यौवन और सांस्कृतिक वैभव पर नजर आया। इस पावन संध्या पर गरबा धारियों की कलात्मकता, वेशभूषा और नृत्य की गतिशीलता ने दर्शकों को अपनी कुर्सियों पर खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। पारंपरिक आभूषणों, कौड़ी-शीशों के कलात्मक काम से सजी चनिया-चोली और राजस्थानी आंगियों में सजे दलों ने जब मां दुर्गा की स्तुति के साथ गरबा की शुरुआत की, तो ऐसा दृश्य बना मानो मां सरस्वती का मधुर संगीत और भगवान नटराज का तांडव व लास्य एक ही प्रांगण में साकार हो उठे हों। विभिन्न गरबा मंडलियों द्वारा सजावटी छतरियों, पारंपरिक दीयों और कलात्मक मुखौटों के साथ प्रस्तुत किए गए विशेष थीम आधारित नृत्य ने पंचमी की रात को यादगार बना दिया।
संयोजक हेमंत भंडारी, कमल मंगल, दीपक मूंदड़ा, आशीष गर्ग बामन बर्डी और करणवीर सिंह के अनुसार, इस बार गरबा मंडलियों के बीच स्वस्थ सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा और नवाचार का अद्भुत समन्वय देखने को मिल रहा है। पारंपरिक प्राचीन गरबों के पश्चात जैसे ही तेज गति के बॉलीवुड भक्ति रीमिक्स और हाल ही में रिलीज हुए नए धार्मिक गीतों की थाप बजी, युवाओं का जोश चरम पर पहुंच गया। दर्शक दीर्घा में बैठे वरिष्ठ नागरिकों और परिजनों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यकर्ता प्रत्येक दल की समयबद्ध प्रस्तुति और प्रांगण के अनुशासन को बनाए रखने में तत्पर रहे। आयोजन स्थल पर बच्चों के लिए लगे झूले-चकरी और खान-पान के सुव्यवस्थित स्टॉल्स ने मेले जैसा उत्साह भर दिया, जिससे पूरा गांधी वाटिका परिसर भक्ति और आनंद के रंग में सराबोर नजर आया।
रोटरी डायमंड क्लब अध्यक्ष रोटेरियन गुणवंत जैन, सचिव धीरज गांधी और कोषाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने बताया कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्था के वॉलिंटियर्स लगातार व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।
जिनमें कमल आंजना, दीपक ऐरन, गौरव पाराशर, सुमित मित्तल, दिलीप जोशी, कृष्णा शर्मा, गोपाल शर्मा, अभय नाहर, गोविंद सैनी, हिमांशु अहीर, लोकेंद्र अग्रवाल, पंकज मुंदड़ा, प्रमोद शर्मा, संदीप दरक, संजय सोनी, सिद्धार्थ जैन, सोहित पोरवाल, सुनील सोनी, प्रभजोत सिंह सहित सभी सदस्यों और पदाधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच✍️







