खरगोन। चौकी खलटाका थाना बलकवाड़ा पुलिस ने महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाले दो आरोपियों और झपटी गई चेन खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक विधिविरुद्ध बालक भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को ग्राम पनवा निवासी 45 वर्षीय महिला के घर के सामने मोटरसाइकिल से आए दो युवकों ने नाम-पता पूछने के बहाने उसके गले से सोने की चेन व पांचाली झपट ली थी। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने मोहित पिता शिवनारायण कुमावत (25) निवासी चैनपुरा, ठीकरी जिला बड़वानी तथा एक 15 वर्षीय विधिविरुद्ध बालक को पकड़ा। पूछताछ के बाद झपटी गई चेन खरीदने वाले चंद्रशेखर पिता त्रिलोकचंद कुमावत (32) निवासी अंजड़, जिला बड़वानी को भी गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से करीब 80 हजार रुपये की सोने की चेन व पांचाली तथा घटना में प्रयुक्त करीब 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।
रिपोर्टर बृजेश यादव जिला ब्यूरो क्राइम खरगोन







