वारदात के बाद जनप्रतिनिधि, सुरक्षा को लेकर दिखाई मुस्तैदी; कैमरों से अब संदिग्धों पर रहेगी पैनी नजर..
सैलाना । सैलाना वार्ड क्रमांक 3 में गत रात्रि हुई चोरी की घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ था। चोरी की वारदात ने आसपास के रहवासियों को भी सकते में डाल दिया। घटना के बाद नागरिकों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई। इसी बीच वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद प्रशांत सलोनी मांडोत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऐसी तत्परता दिखाई कि महज 3 घंटे के भीतर घटना स्थल के समीप चौराहे पर CCTV कैमरे स्थापित करवा दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 3 निवासी प्रिंस पिता प्रहलाद कुमावत के घर चोरी की घटना सामने आने के बाद आसपास के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। वार्ड क्रमांक 2 के रहवासियों एवं नागरिकों ने क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता बताई। नागरिकों की मांग सामने आते ही पार्षद प्रशांत सलोनी मांडोत ने बिना किसी देरी के इसे गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू करवाई।
सबसे खास बात यह रही कि मांग सामने आने के बाद मात्र तीन घंटे में घटना स्थल के समीप वार्ड क्रमांक 2 के चौराहे पर CCTV कैमरे लगवा दिए गए। इस त्वरित कार्रवाई को लेकर क्षेत्रवासियों में पार्षद के प्रति संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
नए कैमरे लगने से अब चौराहे और आसपास के क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों तथा वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में CCTV फुटेज पुलिस जांच के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकती है। इससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
अक्सर किसी घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठती है, लेकिन यहां नागरिकों की मांग पर तत्काल अमल करते हुए पार्षद ने महज तीन घंटे में कैमरे लगवाकर यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि यदि तत्परता दिखाए तो सुरक्षा से जुड़े कामों में अनावश्यक देरी की जरूरत नहीं।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य संवेदनशील स्थानों और चौराहों पर भी CCTV निगरानी व्यवस्था को विस्तार दिया जाएगा। चोरी की घटना के बाद उठाया गया यह कदम अब पूरे क्षेत्र के लिए सुरक्षा की नई निगरानी व्यवस्था की शुरुआत माना जा रहा है।







