धमतरी में युवा उत्सव की तैयारी पूर्ण: चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर, कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ लिया सुरक्षा का जायजा
धमतरी। आगामी 24 और 25 अप्रैल को शहर में आयोजित होने वाले द्वि-दिवसीय “युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” के लिए धमतरी पुलिस ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं। आयोजन की गरिमा और प्रतिभागियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) धमतरी के कुशल निर्देशन में एक विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है।
तैयारियों की समीक्षा करने के लिए अबीनाश मिश्रा (कलेक्टर धमतरी) की गरिमामयी उपस्थिति में सीएसपी धमतरी ने बी.सी.एल.एस. कॉलेज स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रवेश-निकास द्वारों, पार्किंग जोन और मंच की सुरक्षा का बारीकी से अवलोकन करते हुए भीड़ प्रबंधन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बाहरी जिलों और अन्य प्रांतों से आने वाले हजारों युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आयोजन स्थल पर न केवल पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, बल्कि सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों और प्रतिभागियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस प्रशासन का मुख्य ध्येय इस बड़े आयोजन को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराना है, ताकि प्रतिभागियों के लिए यह उत्सव एक यादगार अनुभव बन सके।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







