सिवनी की बड़ी खबर
जनपद पंचायत सिवनी में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 38 दुकानों की नीलामी 31 अक्टूबर को
सिवनी, 23 अक्टूबर 2025।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सिवनी ने जानकारी दी है कि जनपद पंचायत सिवनी के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की कुल 38 दुकानों की नीलामी आगामी शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2025 को दोपहर 11 बजे से जनपद पंचायत सिवनी के प्रांगण में की जाएगी।
यह नीलामी मध्यप्रदेश पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 65 तथा मध्यप्रदेश पंचायत (स्थावर संपत्ति का अंतरण) नियम 1994 के तहत निर्धारित प्रावधानों एवं शर्तों के अनुसार संपन्न होगी।
इच्छुक बोलीदाता 10 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2025 तक (कार्यालयीन समय में, अवकाश दिवसों को छोड़कर) प्रत्येक दुकान की निर्धारित अमानत राशि का बैंक ड्राफ्ट मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सिवनी के नाम से देय बनाकर कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
ड्राफ्ट जमा करने पर पावती एवं परिचय पत्र प्राप्त किया जाएगा। निर्धारित समयावधि के बाद कोई भी बैंक ड्राफ्ट स्वीकार नहीं किया जाएगा।
दुकानों की नीलामी क्रमांक 01 से 38 तक की जाएगी। यह प्रक्रिया आरक्षण नीति एवं प्रारक्षित मूल्य राशि के आधार पर होगी। प्रत्येक दुकान का आरक्षण, ऑफसेट मूल्य तथा नीलामी से संबंधित नियम एवं शर्तें जनपद पंचायत सिवनी कार्यालय में कार्यालयीन समय में देखी जा सकती हैं।
नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति ₹500 (पाँच सौ रुपये) की राशि जमा कर रसीद प्राप्त करने के पश्चात आवेदन पत्र एवं शर्तें कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
📍 स्थान: जनपद पंचायत सिवनी प्रांगण
तारीख: 31 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार)
🕚 समय: दोपहर 11 बजे से
—
जिला संवाददाता — जितेंद्र बघेल
पुलिसवाला समाचार पत्रिका






