डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को जोड़ने पर जोर, स्वामित्व योजना की पहली रजिस्ट्री; रक्तदान शिविर में भी दिखी भागीदारी

डिंडौरी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ ग्राम पंचायत हिनौता से किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।

इसी क्रम में हिनौता से ‘सेवा संकल्प यात्रा’ को रवाना किया गया। यह यात्रा जिले के गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देगी। अभियान के दौरान स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

विभागों ने लगाए स्टॉल, हितग्राहियों को बांटे हितलाभ

अभियान के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान अलग-अलग योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ और सहायता राशि भी प्रदान की गई।

जनजागरण स्व-सहायता समूह हिनौता और मां रेवा स्व-सहायता समूह को 3 लाख रुपये की सीसीएल राशि प्रदान की गई। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत चन्द्रिमा परस्ते को प्रमाण पत्र तथा यशोदा बाई को अनुग्रह सहायता के रूप में 2 लाख रुपये दिए गए। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत उमाकांत श्रीवास को 1 लाख रुपये और मत्स्य विभाग के अंतर्गत नर्मदा मत्स्योद्योग सहकारी मर्यादित घानामार को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।

स्वामित्व योजना के तहत हुई पहली रजिस्ट्री

अभियान के दौरान स्वामित्व योजना के अंतर्गत पहली रजिस्ट्री भी संपादित की गई। ग्राम हिनौता निवासी मो. पीर खान पिता हाफिज के खसरा नंबर 97 में 121 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्मित मकान की स्वामित्व संबंधी रजिस्ट्री की गई। इसके साथ हितग्राही को संपत्ति के स्वामित्व का विधिवत अभिलेख प्राप्त हुआ।

पॉलिटेक्निक कॉलेज में रक्तदान शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय डिंडौरी में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इसमें अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं और नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।

छूटे हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता

एमपीआरडीसी के प्रमुख सचिव भरत यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना शासन-प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने डिंडौरी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए विभिन्न स्तरों पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभियान के माध्यम से योजनाओं के लाभ से छूटे हितग्राहियों को चिन्हित कर जोड़ा जाएगा।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। किसी कारण से योजना का लाभ नहीं मिल पाने वाले लोगों को शिविरों में चिन्हित कर संबंधित योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी-कर्मचारी गांवों तक पहुंचकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराएं।

जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते ने कहा कि आवास, शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य सहित नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य ज्योति प्रकाश धुर्वे, रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Comments are closed.

Exit mobile version