डिंडौरी मध्यप्रदेश

मेंहदवानी थाना क्षेत्र के मटियारी रैयत की घटना, संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव; महिला की शिनाख्त और मौत के रहस्य से पर्दा उठाने में जुटी पुलिस

डिंडौरी। जिले के मेंहदवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मटियारी रैयत के हाथीघाट ददरा में एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुनसान इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की जानकारी सामने आते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथीघाट ददरा में महिला का अधजला शव मिलने की सूचना पुलिस तक पहुंची। इसके बाद मेंहदवानी थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू की। फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस महिला की शिनाख्त करने के साथ ही उसकी मौत के कारणों और घटनास्थल तक शव पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।

अधजले शव ने खड़े किए कई सवाल

महिला का शव अधजली अवस्था में मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है। आखिर महिला कौन है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? शव को यहां कौन लेकर पहुंचा? क्या महिला की मौत किसी हादसे में हुई या फिर घटना के पीछे कोई आपराधिक साजिश है? वहीं, क्या साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया गया? ऐसे कई सवाल हैं, जिनके जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृत महिला की पहचान करना और उसकी मौत की वास्तविक वजह का पता लगाना है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के निष्कर्षों पर क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही इस पूरे रहस्यमयी मामले से पर्दा उठ सकेगा।

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Leave A Reply

Exit mobile version