डिंडौरी मध्यप्रदेश 

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

 

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम की छापेमार कार्रवाई, अमरपुर में बंगाली झोलाछाप डॉक्टर की क्लीनिक सील

 

डिंडोरी  जिले के अमरपुर मुख्यालय में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध क्लीनिक को सील कर दिया। यह क्लीनिक कथित बंगाली झोलाछाप डॉक्टर द्वारा बिना वैध पंजीयन और आवश्यक अनुमति के संचालित किया जा रहा था।

 

मिली जानकारी के अनुसार अमरपुर में प्रणव मंडल नामक व्यक्ति लंबे समय से क्लीनिक संचालित कर मरीजों का उपचार कर रहा था। इसकी सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान क्लीनिक संचालक से आवश्यक दस्तावेज और वैध पंजीयन से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

 

जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से क्लीनिक को सील कर दिया और संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त क्लीनिक में लंबे समय से बिना मान्यता प्राप्त डिग्री के मरीजों का इलाज किया जा रहा था, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ था। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे केवल पंजीकृत और योग्य डॉक्टरों से ही उपचार कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

Leave A Reply

Exit mobile version