दुर्ग। अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ दुर्ग पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जामुल थाना पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर घासीदास नगर मैदान में एक बडी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने वहां खड़ी एक संदिग्ध सफेद रंग की पिकअप गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो प्लास्टिक कैरेट के बीच रखे दो स्टेपनी टायरों ने पुलिस का ध्यान खींचा। मैकेनिक बुलाकर जब टायरों को खुलवाया गया, तो उनके भीतर से गांजे की एक बड़ी खेप बरामद हुई।
तस्करी के इस मामले में पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को दबोचा है, जिनमें बागडूमर निवासी आकाश जांगड़े (18 वर्ष), घासीदास नगर निवासी मुकेश कुमार सेन (22 वर्ष) और टिकेश्वर यादव (18 वर्ष) शामिल हैं। टायरों के भीतर से कुल 31 पैकेटों में भरा हुआ 15 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। आरोपी कम समय में अवैध रूप से मुनाफा कमाने के लिए इस तस्करी को अंजाम दे रहे थे।
त्वरित एक्शन लेने वाली जामुल थाना पुलिस की टीम ने मामले में बेहतरीन कार्यकुशलता दिखाई। पुलिस ने गांजे सहित तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, 4 मोबाइल और नगदी रकम जप्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 17,72,000 रुपये है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए किसी भी तरह की संदिग्ध सूचना तत्काल पुलिस से साझा करें।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
