सतना मध्य प्रदेश
सतना 13 अक्टूबर 2026/सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों के निराकरण एवं सितंबर 2026 की विभागीय रैंकिंग और ग्रेडिंग की समीक्षा के दौरान स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. ने विद्युत विभाग के पांच कनिष्ठ अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस में वितरण केंद्र छिबौरा, नागौद शहर, टिकुरिया टोला, बाबूपुर और बेरहना के कनिष्ठ अभियंताओं के नाम शामिल है। नोटिस में 12 अक्टूबर 2026 को सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा का संदर्भ देते हुए विभागीय ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं। जारी नोटिस के अनुसार सीएम हेल्पलाइन समूह-ए की सितंबर 2026 की विभागीय रैंकिंग एवं ग्रेडिंग संतोषजनक नहीं है। विभाग के अंतर्गत आने वाले संबंधित क्षेत्रों में शिकायतों के निराकरण की स्थिति में सुधार के लिए तत्काल आवश्यक प्रयास करने तथा 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का गंभीरता से निराकरण कराने को कहा गया है।
कलेक्टर ने संबंधित कनिष्ठ अभियंताओं को तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने की स्थिति में एकपक्षीय कार्यवाही करते हुए ‘नो वर्क, नो पे’ के तहत एक सप्ताह का वेतन काटने की कार्यवाही क्यों न की जाए, इस संबंध में जवाब प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
चित्रकूट दीपावली मेला की तैयारी बैठक 15 अक्टूबर को
सतना 13 अक्टूबर 2026/आगामी चित्रकूट दीपावली मेला वर्ष 2026 की तैयारियों आदि के संबंध में चित्रकूट में आवश्यक व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था रखने के उद्देश्य से 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिये है।
जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
सतना 13 अक्टूबर 2026/जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनसंख्या गणना की पूर्व तैयारियों के लिए जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों के प्रथम बैच का दो दिवसीय प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, सुचारू एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक जानकारी प्रदान करने के साथ व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना रहा।
प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय भोपाल से आए अधिकारियों उमेश कुशवाहा एवं नागेश पाठक द्वारा दिया गया। इस दौरान अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, विभिन्न तकनीकी पहलुओं, स्व-गणना पोर्टल, मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार तथा प्रिंटिंग एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पीई मोबाइल ऐप का लाइव डेमो प्रस्तुत कर अधिकारियों को उसके उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षण में जनगणना से संबंधित विभिन्न अवधारणाओं तथा प्रश्न क्रमांक 1 से 40 तक की जानकारी देते हुए आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण के दिशा-निर्देशों और गणना कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया, ताकि जनगणना कार्य में एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागी अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया गया। साथ ही उनकी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान कर जनगणना कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, एलआर जांगडे, सुमेश द्विवेदी, सुभाष मिश्रा, संदीप श्रीवास्वत, एनआईसी अधिकारी, जिला योजना अधिकारी, तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी, नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, तहसीलों के जनगणना लिपिक तथा तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो

