सोशल मीडिया पर फर्जी पुलिसकर्मी बनकर महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने वाला सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार

​रायगढ़।

रायगढ़ की चक्रधरनगर पुलिस ने “अभियान संवेदना” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला को अपने झांसे में लिया, उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

​शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, ऐसे खुला फर्जीवाड़े का राज

बिलासपुर के मस्तुरी अंतर्गत डोडकी निवासी 31 वर्षीय आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी की मुलाकात पीड़िता से मार्च 2026 में कोरबा रेलवे स्टेशन पर हुई थी। आरोपी ने खुद को पुलिस विभाग में कार्यरत बताकर और अपनी वर्दी वाली तस्वीरें दिखाकर महिला का विश्वास जीता तथा शादी का प्रस्ताव रखा। असल में वह वर्दी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के दौरान की थी। जब आरोपी को पता चला कि महिला गांव में अकेली रहती है, तो उसने वहां पहुंचकर शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध बनाए और चुपके से महिला के अंतरंग फोटो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।

​रायपुर के अस्पताल से लेकर सोशल मीडिया तक प्रताड़ना

मई माह में जब पीड़िता अपनी मां के इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल गई थी, तब भी आरोपी वहां पहुंच गया। उसने महिला को अश्लील फोटो-वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने 27 मई को पीड़िता के अश्लील वीडियो और तस्वीरें इंस्टाग्राम व फेसबुक पर अपलोड कर दीं। परेशान होकर पीड़िता ने 28 मई को चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।

​वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी को रायगढ़ से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया रियलमी सी-3 मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।

​इस पूरी तत्परतापूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक एन. बालचंद राव, जेनिपा पन्ना, आरक्षक विक्रम सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक पुष्पेन्द्र जाटवर एवं मनोज पटनायक की विशेष व महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

​एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश:

“सोशल मीडिया और झूठी पहचान के झांसे में आने से बचें, अनजान लोगों पर आंख बंद कर विश्वास न करें। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता के साथ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग और उत्पीड़न करने वालों के विरुद्ध यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”

 

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version