एसपी मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त कार्रवाई।

सुकमा। सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पालाचलमा के दुर्गम जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प से 13 हथियार, 46 जिंदा राउंड और 208 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर सहित अन्य सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई 12 अक्टूबर 2026 को आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त इंटेलिजेंस के आधार पर की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) श्री रोहित शाह के मार्गदर्शन में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला।

बरामद सामग्री में 2 .303 रायफल, 1 सिंगल शॉट हथियार, 4 बीजीएल लांचर, 3 नग 12 बोर रायफल, 2 भरमार, 1 देशी कट्टा, इंसास मैगजीन में 26 जिंदा राउंड, 12 बोर के 20 जिंदा राउंड, 208 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 1 तीर बम, 2 बीजीएल सेल, 1 वायरलेस सेट, 2 चार्जर सहित अन्य सामग्री शामिल है। इसके अलावा विभिन्न हथियारों के खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं।

सुकमा पुलिस के अनुसार, बरामद डम्प को सुरक्षित रूप से जब्त कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। जिले में शांति, सुरक्षा एवं विकास का वातावरण मजबूत बनाए रखने के लिए नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply