कटनी/स्लीमनाबाद। नई दुनिया न्यूज,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्लीमनाबाद में मरीज के उपचार को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मरीज के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक डॉ. दिव्या राय द्वारा मरीज को तत्काल उपचार देने के बजाय दूसरे चिकित्सक से संपर्क करने की बात कही गई, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को रोहित वासुदेव अपने भाई ताराचंद्र वासुदेव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्लीमनाबाद लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. दिव्या राय ने मरीज को भर्ती करने या उपचार शुरू करने के बजाय यह कहते हुए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शिवम दुबे से बात करने की सलाह दी कि मरीज का पूर्व उपचार किसी अन्य चिकित्सक द्वारा किया जा रहा था।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक द्वारा मरीज की स्थिति का आकलन कर आवश्यक उपचार किया जाना चाहिए था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामले में जब मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिवम दुबे से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मरीज की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूरे स्टाफ को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की कोई शिकायत सामने आई है तो मामले की जांच कराई जाएगी तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच और संबंधित पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस वाला न्यूज कटनी से जिला ब्यूरो नवीन पांडे की रिपोर्ट







