कांकेर,(छत्तीसगढ़)

*साइबर ठगी के खिलाफ कांकेर पुलिस का बड़ा एक्शन: राजस्थान से दबोचा गया ₹1 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी*

उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने ऑनलाइन साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। लोहत्तर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को राजस्थान के पाली जिले से गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरी सफलता पुलिस अधीक्षक श्री निखिल कुमार राखेचा के कड़े निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (भानुप्रतापपुर) श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम के प्रयासों से मिली है।

घटना के अनुसार, सीएएफ कैम्प एडगुड में पदस्थ प्रार्थी शिवेन्द्र मिश्रा के बैंक खाते से 29 दिसंबर 2025 को एक अज्ञात शातिर ने छलपूर्वक 1,00,000 रुपये पार कर दिए थे। पीड़ित द्वारा पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने पकड़े जाने के डर से अपनी मोबाइल सिम तोड़कर फेंक दी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज किया। तकनीकी विश्लेषण की मदद से विशेष टीम ने आरोपी सुनील जयपाल (23 वर्ष) को राजस्थान में ढूंढ निकाला। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके पास से वारदात में इस्तेमाल ओप्पो मोबाइल और जियो सिम बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की अन्य धाराएं जोड़कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस संवेदनशील मामले को सुलझाने और आरोपी को दबोचने में निरीक्षक संजय शिंदे, उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण नामदेव, सहायक उपनिरीक्षक पवन मरकाम, प्रधान आरक्षक विनोद भुआर्य, आरक्षक बोहरन नरेटी सहित साइबर सेल के आरक्षक हिमेश्वर मंडावी और आरक्षक तिरीथ दिवाकर ने अत्यंत सराहनीय भूमिका निभाई।

कांकेर पुलिस की सजग अपील:

पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने का आग्रह किया है। यदि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा आपराधिक हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर सूचना देकर अपनी राशि सुरक्षित करा सकता है।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply