साइबर जागृति अभियान’ के तहत स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता की मुहिम तेज, QR कोड स्कैन कर सेल्फी से साइबर सुरक्षा का संदेश देने की अपील

गरियाबंद, 19 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत गरियाबंद पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ जागरूकता की मुहिम को और धार दे दी है। 15 अगस्त से 22 अगस्त तक चल रहे प्रथम चरण में जिलेभर के स्कूलों, कॉलेजों एवं प्रमुख सार्वजनिक व पर्यटन स्थलों पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
QR कोड स्कैन करें, सेल्फी लें और साइबर सुरक्षा का संदेश फैलाएं

19 अगस्त को आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस ने डिजिटल तकनीक और जनभागीदारी का अनूठा संगम करते हुए विशेष QR कोड उपलब्ध कराए। नागरिकों एवं विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे QR कोड स्कैन कर सेल्फी लें और उसे सोशल मीडिया पर साझा करते हुए साइबर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
पुलिस का मानना है कि युवाओं और आम नागरिकों की सोशल मीडिया भागीदारी के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश तेजी से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।
एक क्लिक पड़ सकता है भारी, सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लोगों को फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, OTP फ्रॉड, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने और सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांचें और OTP, PIN, पासवर्ड, बैंकिंग डिटेल अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी किसी से साझा न करें।

साइबर ठगी हो जाए तो घबराएं नहीं, तुरंत 1930 पर करें शिकायत
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। गरियाबंद पुलिस का यह अभियान डिजिटल दुनिया में बढ़ते अपराधों के प्रति लोगों को सजग करने और सुरक्षित, जागरूक एवं साइबर-सक्षम समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
गरियाबंद पुलिस की अपील

“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें—अनजान लिंक से बचें, गोपनीय जानकारी साझा न करें और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता की कड़ी को मजबूत करें।”
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद







![[13:12, 11/10/2026] +91 88176 18595: पंजीयन के अंतिम दिन गांवों में पहुंचे जनप्रतिनिधि, धान पंजीयन की समस्याएं कराईं दूर, WhatsApp Image 2026 10 11 at 13.13.17 1](https://policewala.org.in/wp-content/uploads/2026/10/WhatsApp-Image-2026-10-11-at-13.13.17-1-450x562.jpeg)