डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
घर पहुंचकर पहनाई माला, मिठाई खिलाकर दी बधाई; समाज के युवाओं के लिए बताया प्रेरणास्रोत
डिंडौरी/शहपुरा। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) की सहायक प्राध्यापक (गणित) परीक्षा-2024 की मुख्य चयन सूची में स्थान बनाकर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करने वाले ग्राम जिमरा निवासी ऋषिकेश झारिया का झारिया मेहरा युवा संघ के पदाधिकारियों ने उनके निवास पहुंचकर सम्मान किया। इस दौरान ऋषिकेश को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर चयन की बधाई दी गई। पदाधिकारियों ने उनके पिता अमृतलाल झारिया सहित परिवारजनों को भी शुभकामनाएं देते हुए खुशी साझा की।
ग्राम जिमरा निवासी अमृतलाल झारिया के पुत्र ऋषिकेश झारिया का चयन सहायक प्राध्यापक (गणित) पद पर हुआ है। आयोग की ओर से जारी मुख्य चयन सूची में उनका नाम क्रमांक 95 एवं अनुक्रमांक 552119 पर दर्ज है। उनका चयन अनुसूचित जाति वर्ग में हुआ है। चयन की जानकारी सामने आने के बाद से ही परिवार, गांव और झारिया समाज में खुशी का माहौल है।
मेहनत और लगन से हासिल किया मुकाम
ऋषिकेश ने अपनी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। युवा संघ के पदाधिकारियों ने उनकी सफलता पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे समाज और क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। ऋषिकेश की सफलता ने ग्राम जिमरा के साथ शहपुरा क्षेत्र और झारिया समाज को गौरवान्वित किया है।
युवा संघ के पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
सम्मान के दौरान झारिया मेहरा युवा संघ के प्रांतीय अध्यक्ष लाला प्रसाद झारिया, जिला अध्यक्ष मुकेश झारिया, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य संदीप गौलिया, अखिलेश झारिया, ब्लॉक अध्यक्ष अंकित झारिया सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे। सभी ने ऋषिकेश को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के युवाओं द्वारा शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में हासिल की जाने वाली ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। वहीं ऋषिकेश के परिवारजनों ने सम्मान और शुभकामनाओं के लिए युवा संघ तथा ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।







