रायपुर। धार्मिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और निस्वार्थ सेवा की भावना को साकार करते हुए तेलगु वेलफेयर सोसाइटी के 200 सदस्यीय दल ने अमृतसर स्थित प्रसिद्ध सिख तीर्थस्थल स्वर्ण मंदिर में सेवा और दर्शन के लिए प्रस्थान किया। पांच दिवसीय इस यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न धर्मों और समाजों के लोग शामिल हुए हैं। दल का उद्देश्य स्वर्ण मंदिर में सेवा कार्यों में सहभागी बनना और सर्वधर्म समभाव का संदेश देना है।

अमृतसर रवाना होने से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित प्रख्यात समाजसेवी एवं संस्था के संस्थापक कुबेर राठी के कार्यालय में सभी यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया। कुबेर राठी ने यात्रियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की और यात्रा के दौरान सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी सदस्यों को रास्ते के लिए भोजन के पैकेट भी प्रदान किए। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज और मंगलकामनाओं के साथ यात्रियों को रायपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया।

आंध्रा एसोसिएशन के पूर्व सचिव श्रीनिवास राव ने कहा कि यात्रियों का जिस गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया, वह बेहद सराहनीय है। भोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ यात्रियों को विदाई देने से सभी का उत्साह बढ़ा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

तेलगु वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष टी. गोपी स्वयं पांच दिवसीय धार्मिक एवं सेवा यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह यात्रा केवल तीर्थ दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य पवित्र दरबार साहिब में निस्वार्थ सेवा करना है। दल के सदस्य स्वर्ण मंदिर में लंगर सहित विभिन्न सेवा कार्यों में सहभागी बनेंगे। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समुदायों के लोगों का एक साथ सेवा के लिए जाना सामाजिक समरसता का सकारात्मक संदेश है।

समाजसेवी कुबेर राठी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमृतसर जैसे पवित्र धार्मिक स्थल पर सेवा भाव से जाना सराहनीय पहल है। ऐसी यात्राएं व्यक्ति को आध्यात्मिक शांति देने के साथ-साथ समाज में भाईचारे, सद्भाव और सेवा की भावना को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल आने वाली युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी साबित होगी।

कार्यक्रम में अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी, समाजसेवी बसंत अग्रवाल, सब्जी मंडी अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी, सिख समाज के अधिकारी एवं पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण तथा तेलगु समाज के पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग उपस्थित रहे।

पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने तेलगु वेलफेयर सोसाइटी और समाजसेवी कुबेर राठी के इस प्रयास की सराहना करते हुए सभी यात्रियों को मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रायपुर की पहचान विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच आपसी सम्मान एवं भाईचारे की भावना से रही है। अमृतसर में सेवा के लिए जा रहा यह दल इसी सामाजिक समरसता की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दे रहा है।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.

Exit mobile version