
डिप्टी सीएम अरुण साव ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाने पर दिया विशेष जोर
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस एकेडमी, चंद्रखुरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे उप निरीक्षकों, प्लाटून कमांडर्स एवं अन्य जवानों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन हमें लोगों के कल्याण और भलाई के लिए मिला है, इसलिए पूरे मनोयोग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। किसी की बुराई नहीं चाहना ही सच्ची मानवता है।
उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पुलिस और जनता के बीच विश्वास को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जनता का अटूट भरोसा ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। जब हम वर्दी, जनता और देश के प्रति निष्ठावान रहते हैं, तभी हमें सम्मान मिलता है।
उन्होंने जवानों से कहा कि जो व्यक्ति समस्या लेकर उनके पास आता है, वह उनके सम्मान और प्रतिष्ठा को बढ़ाने का अवसर लेकर आता है, इसलिए हर व्यक्ति से संवेदनशीलता और विनम्रता के साथ व्यवहार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की सफलता में माता-पिता, शिक्षक और समाज का महत्वपूर्ण योगदान होता है, इसलिए कभी भी अकेले सफलता का भ्रम नहीं पालना चाहिए। जीवन को सरल और सहज बनाकर जीना चाहिए, क्योंकि सादगी में ही वास्तविक खुशी मिलती है। उन्होंने नकारात्मकता और आलोचना से दूर रहकर अपने दायित्वों पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी।
उप मुख्यमंत्री ने जवानों को सलाह देते हुए कहा कि समय पर कार्य करना और पूरे मन से काम करना ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यस्थल का तनाव घर तक नहीं ले जाना चाहिए और परिवार के साथ प्रसन्नता से समय बिताना चाहिए। दूस
रों को खुशी देने से ही सच्चा संतोष मिलता है और यही एक सफल व संतुलित जीवन की पहचान है।
इस अवसर पर डायरेक्टर आईजी श्री अजय यादव जी, एसएसपी डॉ. अभिषेक पल्लव जी, एडिशनल एसपी श्री पंकज शुक्ला जी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

