बिलासपुर।

सरकंडा थाना क्षेत्र में चोरों ने बीती रात एक किराना दुकान को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। डीएलएस कॉलेज रोड स्थित दुकान से बदमाश 2.5 लाख रुपये नकद, भगवान की चांदी की दो मूर्तियां और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

 

घटना उस समय हुई जब दुकान के ऊपर निर्माण कार्य चल रहा था। चोरों ने खुले हुए मुख्य गेट और मौके का फायदा उठाते हुए पहले बगल के मकान की दीवार फांदी। इसके बाद लोहे की सीढ़ी लगाकर नीचे उतरे और पीछे के दरवाजे का कुंदा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

 

सबूत मिटाने की कोशिश, पर चूक गए

वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़ लिया। लेकिन भागने की जल्दी में वे घटनास्थल पर ही अपनी चप्पल, लोहे की सीढ़ी और गैती छोड़ गए। सरकंडा पुलिस ने इन सामानों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

 

दुकान संचालक आशीष साहू के अनुसार चोरों ने गल्ले से लगभग2.50 लाख रुपये नकद, पूजा स्थान से दो चांदी की मूर्तियां एक घड़ी और अन्य सामान चोरी किया है।

 

पुलिस का मानना है कि चोरों को दुकान की पूरी जानकारी थी। इसी वजह से उन्होंने निर्माण कार्य का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

 

इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

 

ब्यूरो चीफ शंकर अघिजा

Leave A Reply

Exit mobile version