रायपुर। सदर बाजार वार्ड में पिछले काफी समय से अधर में लटके ‘हमर अस्पताल’ के निर्माण कार्य को जल्द ही दोबारा शुरू किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और अतुल रघुवंशी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपा।
इस मामले पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल CGMSC (छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन) के प्रबंध संचालक को पत्र लिखकर मामले का परीक्षण करने और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।
राजनीतिक दुर्भावना और फंड रुकने से अटका काम
कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि सरकार बदलने के बाद राजनीतिक दुर्भावना और प्रशासनिक उदासीनता के कारण इस जनहितकारी परियोजना को रोक दिया गया था।
2022 में मिली थी स्वीकृति: इस अस्पताल के लिए 14 अप्रैल 2022 को 25 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी और मार्च 2024 में काम शुरू हुआ था।
फंड लैप्स होने से बना खंडहर: सत्ता परिवर्तन के बाद 15वें वित्त की राशि रोक दी गई, जिससे फंड लैप्स हो गया और जुलाई 2024 से काम पूरी तरह बंद हो गया। टेंडर निरस्त होने के कारण वर्तमान में यह निर्माणाधीन इमारत खंडहर में तब्दील हो रही है।
दलगत राजनीति से ऊपर उठने की मांग
कन्हैया अग्रवाल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि रायपुर दक्षिण की जनता के स्वास्थ्य हितों को देखते हुए सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठे। उन्होंने अस्पताल के लिए तत्काल नया फंड जारी कर नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मांग की, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने त्वरित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव







