रायपुर:
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए शहीद भगत सिंह वार्ड (क्रमांक 21) में ₹133.08 लाख की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण संपन्न हुआ। टाटीबंध यदुवंशी चौक स्थित गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान रायपुर पश्चिम के विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत और नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर की गरिमामयी उपस्थिति में इन जनोपयोगी कार्यों की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर टाटीबंध में नवनिर्मित सामुदायिक भवन और यदुवंशी चौक के अपूर्ण रंगमंच के पूर्णता कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही वार्ड के अलग-अलग क्षेत्रों में नाली निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूलों में बाउंड्रीवाल व शौचालय निर्माण सहित कई नागरिक सुविधाओं के कार्यों का विधिवत भूमिपूजन हुआ। इन कार्यों से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुधरेगी और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विकास उनके लिए कोई कोरी घोषणा या आंकड़ों का विषय नहीं है, बल्कि जनता के प्रति एक दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं ताकि जनता को इनका सीधा लाभ मिल सके। वहीं, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि वार्ड स्तर पर मजबूत अधोसंरचना ही एक विकसित शहर की असली नींव होती है और विधायक मूणत के प्रयासों से क्षेत्र की बुनियादी जरूरतें तेजी से पूरी हो रही हैं। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने विकास की इस नई सौगात पर उत्साह और प्रसन्नता व्यक्त की।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
