डिंडौरी मध्यप्रदेश

डिंडौरी /शहपुरा
आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में शहपुरा तहसील कार्यालय में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। बुधवार को तहसील परिसर में विशेष “हेल्प डेस्क” काउंटर का उद्घाटन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ऐश्वर्य वर्मा एवं तहसीलदार आर. पी. मार्को द्वारा किया गया।

इस हेल्प डेस्क का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को सरल, सुगम और नि:शुल्क मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कार्यालयी प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अब राजस्व विभाग से संबंधित सभी सेवाओं की जानकारी, सलाह और आवश्यक दिशा-निर्देश एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

नई व्यवस्था के तहत राजस्व से जुड़े सभी आवेदन अब हेल्प डेस्क काउंटर पर ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद संबंधित शाखा में उन्हें दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे कार्यप्रणाली में तेजी आने के साथ ही अनावश्यक भागदौड़ में भी कमी आएगी।

प्रशासन ने इस पहल के साथ दलालों और बिचौलियों पर सख्त रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए हैं। तहसील परिसर में “दलालों से सावधान रहें” जैसे जागरूकता संदेश प्रमुखता से लगाए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति कार्य के बदले पैसे की मांग करता है, तो उसकी तत्काल शिकायत करने की अपील की गई है।

पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं—
एसडीएम शहपुरा (ऐश्वर्य वर्मा): 6232934954
तहसीलदार (आर. पी. मार्को): 9685451725

इस पहल से क्षेत्रीय नागरिकों में संतोष और खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हेल्प डेस्क की शुरुआत से अब उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और बिचौलियों के हस्तक्षेप से भी राहत मिलेगी।

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Leave A Reply

Exit mobile version