शहपुरा। कक्षा 10वीं (एमपी बोर्ड) परीक्षा 2026 के घोषित परिणाम में सांदीपनि विद्यालय, शहपुरा की छात्रा दामिनी गौलिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 89 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की है। दामिनी, संतोष गौलिया की सुपुत्री एवं शहपुरा के पत्रकार संदीप गौलिया की भतीजी हैं, जिनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गौरव और खुशी का माहौल है।
दामिनी गौलिया ने कुल 500 अंकों में से 445 अंक प्राप्त किए। विषयवार प्रदर्शन में हिंदी में 96, अंग्रेज़ी में 71, ब्यूटी एंड वेलनेस में 96, गणित में 88, विज्ञान में 87 तथा सामाजिक विज्ञान में 78 अंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिचय दिया है। दामिनी प्रारंभ से ही पढ़ाई के प्रति समर्पित रही हैं और इसी का परिणाम आज इस शानदार सफलता के रूप में सामने आया है।
परिणाम घोषित होते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने दामिनी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।
दामिनी गौलिया की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे शहपुरा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। सभी ने उम्मीद जताई है कि दामिनी आगे भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएंगी और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

