प्रेस नोट

स्थान-कोतवाली, कटनी    दिनांक- 16.09.2026

02 मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

पूर्व में 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर चुकी है पुलिस

 

पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा थाना क्षेत्र में राहगीरों को रोककर अवैध रूप से पैसों की मांग करने एवं मारपीट करने वाले आरोपियों के विरूद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में कोतवाली पुलिस द्वारा दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेजने के आदेश पर जिला जेल झिंझरी में दाखिल कराया गया है।

 

राहगीरों को रोककर शराब पीने के लिए मांगे पैसे, मना करने पर की मारपीट-

फरियादी सचिन प्रजापति पिता मुन्नालाल प्रजापति उम्र 34 वर्ष निवासी प्रजापति मोहल्ला, नदीपार, कटनी द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 26.04.2026 की रात्रि करीब 09.30 बजे वह अपनी मोटरसायकल से ग्राम पौंसरा स्थित ईंट भट्टे का काम कर वापस लौट रहा था। जब वह सूफी संतनगर, कैलवारा रोड, नदीपार के पास पहुंचा, तभी सड़क पर चार लड़कों ने उसे तथा उसके पीछे आ रही एक अन्य मोटरसायकल को रोक लिया। चारों आरोपी शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। फरियादी एवं दूसरी मोटरसायकल पर सवार युवकों द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों एवं बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।

 

पीड़ितों द्वारा शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। फरियादी द्वारा आरोपियों में से एक की पहचान धांशू खटीक पिता बड़कू खटीक निवासी कैलवारा फाटक के रूप में की गई।

 

इसी रात दूसरी वारदात को भी दिया अंजाम-

जांच में सामने आया कि उसी रात करीब 08.30 बजे धांशू खटीक एवं उसके साथियों द्वारा ग्राम पौंसरा बायपास नहर के पास ग्राम कछगवां निवासी श्रीकेश कोरी पिता मैकूलाल कोरी को भी रोककर शराब पीने के लिए पैसों की मांग की गई थी। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों द्वारा श्रीकेश कोरी के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों एवं बेल्ट से मारपीट की गई थी।

 

घटनाओं के संबंध में फरियादी सचिन प्रजापति की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अप.क्र. 414/2026 धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा फरियादी श्रीकेश कोरी पिता मैकूलाल कोरी उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम कछगवां, थाना माधवनगर, जिला कटनी की रिपोर्ट पर अप.क्र. 415/2026 धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(2), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 

पहले ही 02 आरोपियों को किया जा चुका है गिरफ्तार-

 

मामले में आरोपियों की पता तलाश हेतु मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। पुलिस द्वारा लगातार तलाश करते हुए नामजद आरोपी धांशू खटीक उर्फ अजय पिता बड़कू खटीक को दिनांक 10.08.2026 को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों सचिन सोनकर, जमालू सोनकर उर्फ आलोक एवं राजा यादव के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

 

मामले में आरोपी राजा यादव पिता हरिलाल यादव उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम बोहता, जिला कटनी को दिनांक 31.08.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है।

 

वहीं मामले में फरार चल रहे आरोपी जमालू उर्फ आलोक सोनकर एवं सचिन खटीक की लगातार तलाश की जा रही थी। कोतवाली पुलिस द्वारा आज दिनांक 16.09.2026 को दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों को जेल दाखिल किए जाने के आदेश दिए जाने पर उन्हें जिला जेल झिंझरी में दाखिल कराया गया है।

 

चौकी प्रभारी बस स्टेण्ड ने बताया-

चौकी प्रभारी बस स्टेण्ड नेहा मौर्य ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों द्वारा हाईवे एवं सुनसान स्थानों का फायदा उठाकर आने-जाने वाले लोगों को रोककर शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसों की मांग की जाती थी तथा पैसे देने से मना करने पर उनके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की जाती थी। मामले में सभी आरोपियों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

गिरफ्तार आरोपियों के नाम-

1- धांशू खटीक उर्फ अजय पिता बड़कू खटीक, उम्र 26 वर्ष, निवासी कैलवारा फाटक, नोवल हार्ट स्कूल के पास, थाना कोतवाली, जिला कटनी।

2- राजा यादव पिता हरिलाल यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम बोहता, थाना कोतवाली, जिला कटनी।

3- जमालू उर्फ आलोक सोनकर पिता इंद्रपाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी कैलवारा फाटक, नोवल हार्ट स्कूल के पीछे, थाना कोतवाली, जिला कटनी।

4- सचिन खटीक पिता सुनील खटीक, उम्र 19 वर्ष, निवासी कैलवारा खुर्द, सूफी संतनगर, थाना कोतवाली, जिला कटनी।

पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका-

श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं श्रीमान उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी बस स्टेण्ड नेहा मौर्य, सउनि. दीपेन्द्र शर्मा, प्र.आर. सुशील पाण्डेय, मनोज पटेल, नीरज पाण्डेय एवं आर. सतेन्द्र पटेल, आशीष पटेल,महेश चौधरी की अहम भूमिका रही।

Leave A Reply

Exit mobile version