कलेक्टर रणबीर शर्मा ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह, युवाओं से नियमित रक्तदान की अपील
जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं और जांच व्यवस्थाओं का लिया जायजा
गरियाबंद, 17 सितंबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शासकीय जिला चिकित्सालय गरियाबंद में आयोजित रक्तदान शिविर ने सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणादायी तस्वीर पेश की। शिविर में कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चंद्राकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने सहभागिता की। कलेक्टर ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं की भी हौसला-अफजाई की।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि रक्तदान महज एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन को बचाने का मानवीय संकल्प है। दुर्घटना में घायल मरीजों, गंभीर रोगियों तथा प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता वाली महिलाओं के उपचार में समय पर रक्त की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र युवाओं से आगे आकर नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान के माध्यम से हम किसी परिवार के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा सकते हैं।
कलेक्टर ने शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त संग्रहण तथा भंडारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने रक्त संग्रहण एवं भंडारण को सुरक्षित, व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत के समय मरीजों को आसानी से रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
रक्तदान शिविर के बाद कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने जिला अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति देखी। उन्होंने आपातकालीन कक्ष में उपचार व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों एवं आपात परिस्थितियों में दी जा रही सेवाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अटल आरोग्य लैब का निरीक्षण कर जांच सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि लैब में वर्तमान में खून एवं पेशाब सहित 148 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। कलेक्टर ने जांच प्रक्रिया, रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में कलेक्टर ने दंत चिकित्सा कक्ष का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध उपकरणों, उपचार सुविधाओं एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल आने वाले मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित जानकारी देने तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा को संवेदना और जिम्मेदारी से जोड़ने की पहल है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना भी जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी, रक्तदाता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद
