*विजय बोर एंड कंपनी को मिला “अभयदान”? सोहागपुर जनपद में रात के अंधेरे में जारी बोर उत्खनन!*
शहडोल। जिले में बोर उत्खनन पर प्रतिबंध के प्रशासनिक आदेशों के बावजूद सोहागपुर जनपद क्षेत्र में अवैध बोर उत्खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार संचालित हो रही बोरिंग मशीनों को लेकर अब लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किसके संरक्षण में प्रतिबंध के बाद भी यह कार्य खुलेआम जारी है?
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खोल्डर, सिंदुरी, कल्याणपुर, पचगांव, सिंहपुर, जोधपुर, अमरहा सहित आसपास के कई गांवों में प्रतिदिन बोर उत्खनन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा 15 मई से बिना अनुमति बोर उत्खनन पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए थे। इसके बावजूद कुछ बोर कंपनियों द्वारा कथित रूप से रात के अंधेरे में मशीनें संचालित कर बोरिंग कार्य किए जा रहे हैं।
क्षेत्र में यह चर्चा भी जोरों पर है कि कथित तौर पर “एक स्टार वाले साहब” की मेहरबानी से कार्रवाई नहीं हो पा रही है। हालांकि इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार जारी उत्खनन ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमों को नजरअंदाज कर रातभर मशीनें चलाई जा रही हैं, जिससे भूजल स्तर प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में जल संकट और गहरा सकता है। वहीं शिकायतों के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन शिकायतों की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या फिर अवैध बोर उत्खनन का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।
*अजय पाल*
