_विजयराघवगढ़–टीकर रोड पर पुलिस की दबिश, 6 पेटी में 300 पाव अवैध शराब जब्त; एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
कटनी/विजयराघवगढ़। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। जब्त शराब की कीमत करीब 54 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 सितंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे की टीम विजयराघवगढ़-टीकर आम रोड पर भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति दो प्लास्टिक की बोरियों में शराब लेकर जाते दिखाई दिए।
पुलिस की नजर पड़ते ही दोनों ने मोटरसाइकिल रोक दी और शराब से भरी बोरियां तथा बाइक सड़क पर छोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर पीछे बैठे ओमप्रकाश उर्फ छोटू बर्मन (29), निवासी शारदा मंदिर ग्राउंड के पास विजयराघवगढ़ को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दोनों बोरियों से 6 पेटी यानी 300 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 54 लीटर बरामद हुई।
पूछताछ में ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि शराब दीपक उर्फ पंडा जायसवाल की है और दोनों इसे टीकर क्षेत्र में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं दीपक उर्फ पंडा जायसवाल मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई एसपी अभिनय विश्वकर्मा, एएसपी कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे की टीम ने की। कार्रवाई में सउनि विक्रम सिंह, सउनि संतोष स्वामी, आरक्षक अंजनी झा, नीलेश सिंह, पारस पटेल तथा प्रधान आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट जितेंद्र मिश्रा कटनी
