लोरमी। स्थानीय विधायक एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को मानस मंच लोरमी में क्षेत्र की हजारों माताओं-बहनों के साथ पारंपरिक तीजा तिहार मनाया। लोरमी के भाइयों की ओर से आयोजित इस विशेष आयोजन में भाई-बहन के स्नेह और अपनत्व की खूबसूरत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सपत्नीक भगवान महादेव की पूजा-अर्चना कर की। उन्होंने क्षेत्र की सभी बहनों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

उप मुख्यमंत्री साव ने बहनों का स्वागत करते हुए तीजा तिहार की शुभकामनाएं दीं और कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व मायके से बहनों के जुड़ाव और भाई-बहन के प्रेम को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि लोरमी की सभी बहनों के घर सुख-समृद्धि बनी रहे और उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी हों।
आयोजन में बहनों ने भी अरुण साव को स्नेह और आशीर्वाद दिया। इस दौरान प्रसिद्ध लोकगायिका गरिमा दिवाकर, स्वर्णा दिवाकर एवं अंजोर टीम ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। ‘तीजा पोरा आगे भाग हमर खुलगे’ सहित विभिन्न गीतों पर पूरा मानस मंच छत्तीसगढ़ी रंग में रंगा नजर आया।

रिपोर्टर:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version