डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

आवारा पशुओं पर लगेगी रोक, अतिक्रमण हटाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश

डिंडौरी जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थानों पर रेडियम और दिशा-सूचक संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं को सड़कों से हटाकर कांजी हाउस भेजने और क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया है।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को जिला यातायात एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अपर कलेक्टर जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्र डिंडौरी और शहपुरा में सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण को रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं को सड़कों से हटाकर कांजी हाउस भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि इनके कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम होंगे मजबूत

कलेक्टर ने यातायात प्रभारी और आरटीओ अधिकारी को दुर्घटना संभावित स्थानों का चिन्हांकन कर वहां रेडियम तथा दिशा-सूचक संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को पहले से मार्ग की स्थिति और संभावित खतरे की जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।

लोक निर्माण विभाग को ब्लैक स्पॉट पर संकेतक बोर्ड लगाने तथा स्पीड ब्रेकर पर पेंट कराने के निर्देश दिए गए। बोंदर, गाडासरई, सागरटोला, नेवसा, शहपुरा सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर भी आवश्यकतानुसार संकेतक बोर्ड लगाने को कहा गया।

देवरा रोड के गड्ढे तत्काल भरने के निर्देश

डिंडौरी के देवरा रोड स्थित मुख्य मार्ग पर गड्ढों के कारण प्रभावित हो रहे आवागमन को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पीएमजीएसवाई को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं नगरीय क्षेत्रों में डिवाइडरों की मरम्मत और साफ-सफाई कराने तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

हिट एंड रन मामलों के दस्तावेज पूरे करने पर जोर

बैठक में राहवीर योजना के अंतर्गत घटित घटनाओं एवं प्रकरणों की भौतिक प्रगति की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने राहवीर योजना के तहत सहयोगी व्यक्तियों के आवेदन, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस विभाग को हिट एंड रन के प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कर उन्हें समय पर बीमा कंपनी के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा, ताकि पात्र प्रकरण दस्तावेजों के अभाव में निरस्त न हों। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क हेलमेट उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री राहत योजना और कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन के इन निर्देशों से जिले के प्रमुख मार्गों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और नगरीय सड़कों पर यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है।

Comments are closed.

Exit mobile version