डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

वेदप्रकाश साहू से प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों का दायित्व लेकर वरिष्ठ शिक्षक को सौंपा गया प्रभार

डिंडौरी/शहपुरा। शहपुरा स्थित शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में लगातार मिल रही शिकायतों और वित्तीय जांच के बीच प्रशासनिक बदलाव किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी डिंडौरी ने 27 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर वरिष्ठ शिक्षक हम्मवीर सिंह राजपूत को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभारी प्राचार्य के साथ विद्यालय के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी सौंप दी है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि शासकीय मॉडल उमावि शहपुरा के वर्तमान प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों और वर्तमान में चल रही वित्तीय जांच को दृष्टिगत रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत विद्यालय के प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का दायित्व वरिष्ठ शिक्षक हम्मवीर सिंह राजपूत को सौंपा गया है।

तत्काल अभिलेख सौंपने के निर्देश

जारी आदेश में वर्तमान प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू को निर्देशित किया गया है कि विद्यालय से संबंधित समस्त अभिलेख तत्काल नवनियुक्त प्रभारी प्राचार्य हम्मवीर सिंह राजपूत को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल, कलेक्टर डिंडौरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी है।

वित्तीय जांच के बीच फैसले को माना जा रहा अहम

विद्यालय में प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी में किया गया यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ शिकायतों और वित्तीय जांच का मामला सामने है। जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश से स्पष्ट है कि जांच की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए फिलहाल प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी दूसरे शिक्षक को सौंपी गई है।
हालांकि, आदेश में वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि या किसी प्रकार की अंतिम दोषसिद्धि का उल्लेख नहीं है। ऐसे में जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल विभाग के इस निर्णय के बाद शहपुरा के शासकीय मॉडल स्कूल में प्रशासनिक व्यवस्था की जिम्मेदारी वरिष्ठ शिक्षक हम्मवीर सिंह राजपूत संभालेंगे।

Comments are closed.

Exit mobile version