रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन थानों की घेराबंदी में 13 किलो से अधिक गांजे के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर के नॉर्थ जोन कमिश्नरेट ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुस्तैदी दिखाते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों सहित कुल चार आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 13 किलो 451 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6,72,550 रुपये आंकी गई है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से) के दिशा-निर्देशन में अंजाम दी गई, जिन्होंने अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे।
नशे के इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा द्वारा सूचनाओं की तस्दीक कर थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। इसी कड़ी में पहली और सबसे बड़ी सफलता गुढ़ियारी पुलिस को मिली, जहाँ कबीर चौक ओवरब्रिज के नीचे सब्जी बाजार के पास घेराबंदी कर उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी दो अंतर्राज्यीय तस्करों, आकाश रायकवाड़ और धीरज रायकवाड़ को दबोचा गया। इन दोनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 4,93,000 रुपये मूल्य का 09 किलो 866 ग्राम गांजा बरामद किया है।
इसी अभियान के तहत पण्डरी और उरला पुलिस ने भी स्थानीय स्तर पर गांजा बेच रहे तस्करों पर नकेल कसी। पण्डरी पुलिस ने दलदल सिवनी कचड़ा गोदाम के पास से मोवा निवासी आरोपी कमलेश पटेल को गिरफ्तार कर उसके पास से 2 किलो 285 ग्राम गांजा जप्त किया, जिसकी कीमत करीब 1,20,000 रुपये है। वहीं, उरला पुलिस ने बीरगांव के बुधवारी बाजार में दबिश देकर आरोपी संतराम निषाद को धरदबोचा और उसके कब्जे से 53,000 रुपये मूल्य का 01 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया। रायपुर पुलिस ने सभी चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में नारकोटिक एक्ट (NDPS) की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

