रायपुर: राजधानी के पश्चिम क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात एक बड़ा कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप पटेल के मार्गदर्शन और मॉनिटरिंग में चलाए गए इस व्यापक अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।
अभियान की शुरुआत से पहले टिकरापारा थाना परिसर में भारी पुलिस बल को इकट्ठा किया गया, जहां अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री राहुल देव शर्मा ने सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जवानों को अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ आम नागरिकों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त (आजाद चौक) श्री ईशु अग्रवाल, सहायक पुलिस आयुक्त (पुरानी बस्ती) श्री देवांश सिंह राठौर और सहायक पुलिस आयुक्त (न्यू राजेन्द्र नगर) श्री नवनीत पाटिल के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने अपने-अपने इलाकों में मोर्चा संभाला। इस पूरे एक्शन में 9 थानों के प्रभारियों सहित लगभग 130 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
सुनियोजित तरीके से शुरू हुई इस गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने बी.एस.यू.पी. कॉलोनियों, आर.डी.ए. कॉलोनियों, भाठागांव, चंगोराभाठा, संजय नगर, बोरियाखुर्द और कोटा के कृष्णा नगर व भवानी नगर जैसे संवेदनशील इलाकों में सघन तलाशी ली। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कोटा इलाके से 22 संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ की गई। इसके अलावा पुलिस ने गुंडा-बदमाशों और निगरानी बदमाशों के घरों पर अचानक दबिश देकर उनकी मौजूदा गतिविधियों की जांच की और उनके परिजनों के सामने उन्हें भविष्य में अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
इस रातभर चले अभियान के दौरान रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम ने कुल 10 स्थायी वारंट और 6 गिरफ्तारी वारंट तामिल कराए। इसके साथ ही 25 निगरानी बदमाशों, 45 गुंडा बदमाशों और 2 चाकूबाजों की बारीकी से जांच की गई। माहौल खराब करने की आशंका को देखते हुए 20 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई भी की गई है। रायपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को भयमुक्त माहौल देने के लिए अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ इस तरह के कड़े अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
Trending
- गड्ढों में बैठकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, NH-130C की बदहाली पर फूटा आक्रोश
- पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव! गरियाबंद के 29 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, नई जगह संभालेंगे मोर्चा, देखे पूरी लिस्ट
- प्रधानमंत्री श्री मोदी के खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विवेकानंद महाविद्यालय में किया गया
- महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ABVP मुखर: उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा 17 सूत्रीय ज्ञापन
- शासकीय स्कूलों में शिक्षा का गिरता स्तर, निजी स्कूलों की ओर बढ़ता रुझान सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल, अभिभावकों का निजी स्कूलों की ओर बढ़ रहा रुझान
- आखिर नापतोल विभाग को कब याद आएगी रक्षाबंधन?
- वीडियोग्राफर गाली-गलौज, धमकी और दबाव
- रेकिंग न्यूज | शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की उम्मीद
