रायपुर। राजधानी में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ा विशेष अभियान चलाया है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम काम्बले के सख्त निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की अलग-अलग टीमों ने देर रात से लेकर तड़के सुबह तक शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस विशेष कार्रवाई के दौरान अकारण घूमने वाले, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त और अवैध नशा बेचने वाले तत्वों के

खिलाफ तड़के 3:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक आकस्मिक जांच की गई। अभियान के तहत पुलिस ने कुल 60 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल थे। कड़ाई से की गई जांच में आर्म्स एक्ट का एक संदेहास्पद और मारपीट के मामलों में संलिप्त दो पुराने आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट वाली 12 संदिग्ध गाड़ियां भी जब्त की गई हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखते ही कुछ नशा तस्कर मौके से फरार हो गए, जिनके पास से गांजा की पुड़िया और अवैध शराब बरामद की गई है। कार्रवाई के बाद पकड़े गए सभी संदिग्धों को कड़ी हिदायत देकर छोड़ा गया, वहीं नाबालिगों को उनके परिजनों को बुलाकर समझाइश के साथ सुपुर्द किया गया। रायपुर पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए इस तरह के औचक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.