आवासीय कमरे में तैयार किए जा रहे थे ‘TOP TIGER’ पटाखे, पांच कार्टन तैयार पटाखे और निर्माण सामग्री जब्त, कमरा सील।

रायपुर। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ रायपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गोलबाजार पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति फटाका दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में चल रहे अवैध पटाखा निर्माण का खुलासा किया है। संयुक्त टीम की कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के निर्देश पर एसडीएम कार्यालय, नगर निगम जोनल कमिश्नर एवं पर्यावरण विभाग की संयुक्त टीम ने थाना प्रभारी गोलबाजार निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान कमरे में ‘TOP TIGER’ नाम के पटाखे तैयार किए जा रहे थे।

कार्रवाई के दौरान पांच कार्टन तैयार पटाखे, अर्धनिर्मित पटाखे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया गया। बरामद सामग्री को पटाखा निर्माण में प्रयुक्त लो एक्सप्लोसिव श्रेणी का बताया गया है। संयुक्त टीम ने संबंधित कमरे को सील कर दिया।

मामले में श्याम लाल ठाकुर (76 वर्ष) और दीपक ठाकुर (57 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9B(1)(a) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रिहायशी इलाकों में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण से गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है। पुलिस ने आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील की है।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version