प्रांतीय पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों की रहेगी मौजूदगी, कर्मचारी एकता के प्रदर्शन के लिए जुटेंगे अधिकारी-कर्मचारी

 

गरियाबंद। राजस्व पटवारी संघ की लंबित मांगों एवं विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर जारी हड़ताल अब व्यापक रूप लेती नजर आ रही है। आंदोलन को मजबूती देने के लिए राजस्व पटवारी संघ जिला गरियाबंद एवं कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के संयुक्त समर्थन से 3 नवंबर, मंगलवार को दोपहर 2 बजे जिला मुख्यालय गरियाबंद में विशाल रैली निकाली जाएगी।

 

रैली में राजस्व पटवारी संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष विशेष रूप से शामिल होंगे। इससे आंदोलन को प्रांतीय स्तर पर मजबूती मिलने के साथ ही शासन-प्रशासन तक कर्मचारियों की एकजुटता का संदेश पहुंचेगा।

 

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन जिला गरियाबंद के जिला संयोजक एम.आर. खान ने पटवारी संघ के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए जिले के समस्त कर्मचारी-अधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है।

 

वहीं, राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष गुलशन यदु ने कहा कि कर्मचारियों एवं अधिकारियों की जायज मांगों का निराकरण लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से होना चाहिए। कर्मचारी हितों की रक्षा और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए सभी संगठनों का एक मंच पर आना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठित एकता ही आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है।

 

अब 3 नवंबर को जिला मुख्यालय में होने वाली इस रैली पर सबकी निगाहें रहेंगी। कर्मचारी संगठनों की सामूहिक लामबंदी के जरिए शासन तक अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की तैयारी है।

 

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version